साउथ सिनेमा के सुपरस्टार Jr. NTR आज अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं और इस खास मौके पर उनके फैंस को मिला है एक धमाकेदार सरप्राइज। उनकी अपकमिंग पैन इंडिया फिल्म ‘ड्रैगन’ की पहली झलक आखिरकार रिलीज कर दी गई है। करीब 4 मिनट 29 सेकेंड की इस ग्लिम्प्स वीडियो ने आते ही इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। वीडियो सिर्फ एक टीजर नहीं, बल्कि फिल्म की डार्क और खतरनाक दुनिया की ऐसी झलक देता है जो दर्शकों को शुरुआत से आखिर तक बांधे रखती है।
फिल्म की कहानी ब्रिटिश दौर से शुरू होती है, जहां अंग्रेज भारत मसालों और स्टील के व्यापार के लिए आए थे, लेकिन बाद में अफीम और हेरोइन के धंधे में उतर गए। ग्लिम्प्स में दिखाया गया है कि कैसे भारत की जमीन पर उगाई गई हेरोइन पूरी दुनिया में भेजी जाती थी और अंग्रेजों के जाने के बाद भी इस काले कारोबार को लेकर खूनी संघर्ष जारी रहा। यही बैकड्रॉप ‘ड्रैगन’ को सिर्फ एक्शन फिल्म नहीं, बल्कि अपराध और सत्ता की लड़ाई से भरी एक इंटेंस कहानी बनाता है।
इस बार Jr. NTR अपने अब तक के सबसे खतरनाक अवतार में नजर आ रहे हैं। फिल्म में वह ‘लूगर’ नाम के एक बेरहम हत्यारे की भूमिका निभा रहे हैं, जो अफगान ट्रेडिंग कंपनी का सबसे खूंखार चेहरा है। मेकर्स ने उन्हें “खुदा के हाथों बना शैतान” कहकर इंट्रोड्यूस किया है। ग्लिम्प्स में उनका दमदार डायलॉग — “खुदा की एक मेहर है मुझ पर… ट्रिगर दबाकर अफसोस नहीं करता” — पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वहीं एक और सीन में उनका ठंडा लेकिन डरावना अंदाज कहानी को और ज्यादा इंटेंस बना देता है।
फिल्म का विजुअल टोन बेहद रॉ और ग्रिटी नजर आता है। धुएं, बंदूकों, खून और अंधेरे के बीच बनी यह दुनिया साफ दिखाती है कि ‘ड्रैगन’ बड़े स्तर पर बनाई जा रही है। इस फिल्म का निर्देशन प्रशांत नील कर रहे हैं, जो इससे पहले ‘केजीएफ’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से अपनी खास पहचान बना चुके हैं। ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि ‘ड्रैगन’ भी बड़े पैमाने पर सिनेमाघरों में धमाका करेगी।
बड़े बजट में तैयार हो रही यह फिल्म 11 जून 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिलहाल तो ‘ड्रैगन’ की पहली झलक ने ही यह साफ कर दिया है कि जूनियर एनटीआर इस बार स्क्रीन पर सिर्फ हीरो नहीं, बल्कि डर और तबाही का दूसरा नाम बनने वाले हैं।
Check Out The Post:-