मुंबई, 02 अक्टूबर, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। पंजाब के जालंधर में माता पिता ने दूध में कीटनाशक स्प्रे मिला कर 3 बेटियों की हत्या कर दी। जब तीनों के मुंह से झाग निकली तो शवों को लोहे के ट्रंक में डाल दिए और फिर उसे घर के बाहर फेंक दिया। जिसके बाद लोगों ने तीनों बहनों के शव देखे। इस मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया। आरोपी पिता की पहचान सुनील मंडल निवासी गांव काहनपुर (जालंधर) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुनील मंडल ने कस्टडी में पूछताछ के दौरान अपना गुनाह कबूल करते हुए कहा कि उसने गरीबी से तंग आकर 3 बेटियों अमृता कुमारी (9), कंचन कुमारी (7) और वासु (3) को मौत के घाट उतारा था। सुनील मंडल नशे का आदी है और अक्सर शराब के नशे में रहता है। सुनील मंडल के 5 बच्चे हैं।
वहीं, एसएसपी देहात मुखविंदर सिंह भुल्लर ने कहा कि तीनों सगी बहनों के शरीर पर कोई मारपीट का निशान नहीं मिला है। पुलिस मेडिकल बोर्ड से तीनों का पोस्टमॉर्टम करवा रही है। मौत के कारण का पता लगाने के लिए बोर्ड से मेडिकल करवाया जा रहा है। ASI हरबंस सिंह ने बताया कि सुनील मंडल और उसकी पत्नी मंजू के 5 बच्चे हैं। सुनील ने पहले कहा था कि रात 8 बजे वे घर लौटे तो बच्चियां नहीं मिली। रात में ढूंढा, लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को इसकी शिकायत की। सुनील ने बताया था कि वह सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक काम पर गया था। दरअसल, सुनील मंडल की तीनों बेटियां अचानक लापता हो गई थीं। मकान मालिक ने रात 11 बजे पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। रात को पुलिस मौके पर भी आई थी और मोहल्ले वालों के साथ उन्हें ढूंढा भी, लेकिन कोई अता-पता नहीं चला था। सुबह सुनील एक ट्रंक बाहर निकाल रहा था। लोगों ने देखा तो इसमें तीनों बच्चियों की लाशें पड़ी थीं। तब सुनील ने कहा कि तीनों की ट्रंक में मौत हो गई।