मुंबई, 07 मार्च, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। दिल्ली में बीजेपी सरकार 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला समृद्धि योजना का शुरू कर सकती है। दिल्ली भाजपा शनिवार को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के शामिल होने की संभावना है। इसी कार्यक्रम में योजना शुरू करने की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने भी पिछले हफ्ते कहा था कि योजना के लिए रजिस्ट्रेशन 8 मार्च से शुरू होगा। सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को होने वाली दिल्ली कैबिनेट की बैठक में इस योजना को मंजूरी के लिए पेश किया जा सकता है। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने महिला समृद्धि योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2500 हजार रुपए देने का वादा किया था। योजना से 20 लाख महिलाओं को फायदा होने का अनुमान है।
आपको बता दें, महिला समृद्धि योजना का फायदा उठाने के लिए महिलाओं को ई-रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। इसके लिए सरकार 8 मार्च को एक पोर्टल और मोबाइल ऐप लॉन्च कर सकती है। इस पोर्टल पर महिलाएं अपने जरूरी दस्तावेज, जैसे वोटर कार्ड, बीपीएल कार्ड, आधार कार्ड और आय प्रमाण पत्र जमा करके आवेदन कर सकेंगी। दिल्ली में 72 लाख महिला मतदाता हैं। अनुमान है कि करीब 20 लाख महिलाओं को इस योजना का फायदा मिलगा। इसमें से करीब 50 प्रतिशत महिलाएं मतदाता हैं। सरकार महिला लाभार्थियों की पहचान के लिए अलग-अलग विभागों से डेटा एकत्र कर रही है। महिला समृद्धि योजना की शुरुआत के लिए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें करीब 5 हजार महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इस योजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि योजना के लिए अगले साल बजट बढ़ाया जाएगा। इस साल योजना के लिए 1 हजार करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। इससे महिलाओं को पहले से मिल रही सहायता में कोई रुकावट नहीं आएगी।