आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 66वें मुकाबले में जब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीम गुजरात टाइटंस के खिलाफ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मैदान पर उतरी, तो टूर्नामेंट के इतिहास की एक बहुत बड़ी और पारंपरिक कड़ी टूट गई। आईपीएल के 18 साल के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने पूरे सीजन में एक भी लीग मैच नहीं खेला। दिग्ग्ज विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी इस पूरे सीजन चोटों (Injuries) से जूझते रहे और एक भी मैच के लिए मैदान पर नहीं उतर सके, जो सीएसके के लिए इस साल सबसे बड़ा झटका साबित हुआ।
चोटों ने पूरे सीजन एमएस धोनी को किया परेशान आईपीएल 2026 शुरू होने से ठीक पहले, प्री-सीजन कैंप के दौरान महेंद्र सिंह धोनी के पिंडली (Calf) में गंभीर चोट लग गई थी। शुरुआत में चेन्नई सुपर किंग्स के टीम मैनेजमेंट को उम्मीद थी कि वह शुरुआती दो हफ्तों के बाद रिकवर होकर टीम से जुड़ जाएंगे, लेकिन यह चोट बार-बार उभरती रही। धोनी ने बीच में नेट प्रैक्टिस कर वापसी की कोशिश भी की, जिससे उनकी यह समस्या और ज्यादा बढ़ गई। रही-सही कसर लीग स्टेज के आखिरी चरण में पूरी हो गई जब उन्हें अंगूठे (Thumb) में एक और नई चोट लग गई।
रांची लौटे धोनी, प्लेऑफ की उम्मीदों पर टिकी थी बात लगातार लगी इन चोटों के बाद एमएस धोनी अपनी फिटनेस पर काम करने और आराम के लिए अपने होमटाउन रांची लौट गए हैं, जहां उनका अंगूठा रिकवर हो रहा है। सीएसके प्रबंधन ने मैच से पहले कहा था कि अगर टीम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करती है, तो धोनी नॉकआउट मैचों के लिए दोबारा टीम के साथ जुड़ सकते हैं। हालांकि, गुजरात टाइटंस के खिलाफ इस आखिरी लीग मैच में मिली करारी हार के साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स का इस सीजन का सफर समाप्त हो गया है, जिसका मतलब है कि प्रशंसकों को इस साल धोनी का हेलीकॉप्टर शॉट देखने को नहीं मिल सकेगा।