भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत के लिए इन दिनों समय कुछ ठीक नहीं चल रहा है। आईपीएल में उनकी टीम का लचर प्रदर्शन, वनडे टीम से बाहर होना और टेस्ट टीम की उपकप्तानी छिनने के बाद अब वे एक नए विवाद में फंस गए हैं। लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ मिली हार के बाद पोस्ट-मैच प्रजेंटेशन के दौरान ऋषभ पंत लाइव इंटरव्यू में अपशब्द (गाली) बोल गए। दिग्गज कमेंटेटर इयान बिशप के साथ बातचीत के दौरान हुई पंत की यह हरकत कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्रिकेट फैंस उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं।
मैच खत्म होने के बाद ऋषभ पंत अपनी टीम के प्रदर्शन और हार के कारणों पर चर्चा करने आए थे। जयपुर की पिच की तारीफ करते हुए पंत ने कहा, ‘मिडिल ओवर्स में और आखिरी ओवर जिस तरह से जोफ्रा आर्चर ने फेंका, वह वाकई बेहतरीन था। हम वहां 10 रन और बना सकते थे लेकिन आखिरी ओवर में ऐसा हो नहीं पाया। जयपुर की पिच बैटिंग के लिए काफी अच्छी थी और यहां गेंदबाजी करना बेहद मुश्किल काम था। इस मैदान पर अनुभव की जरूरत थी, जिसकी हमारी टीम में थोड़ी कमी खली।’
पंत ने आगे बात करते हुए कहा कि अनुभव से ही आप दबाव भरे लम्हों में अच्छा प्रदर्शन करना सीखते हैं। उन्होंने अपनी टीम पर गर्व जताते हुए अंत में प्रतिद्वंदी टीम की तारीफ में बहक कर एक अपशब्द का इस्तेमाल कर दिया। लाइव ब्रॉडकास्ट के दौरान खिलाड़ियों द्वारा ऐसी अभद्र भाषा का उपयोग आईपीएल की आचार संहिता (Code of Conduct) का सीधा उल्लंघन माना जाता है। खेल समीक्षकों का मानना है कि इस अनुशासनहीनता के लिए बीसीसीआई (BCCI) पंत पर भारी जुर्माना लगा सकती है या उन पर कुछ मैचों का प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है।